जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को बूंटिया ग्राम पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में सभी काउंटर की व्यवस्थाएं देखीं। कलेक्टर सुराणा ने कहा कि सभी किसानों की फार्मर आईडी बनाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के फायदों के बारे में बताएं। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को भी इससे जोड़ें। किसानों को स्वयं गिरदावरी करने की जानकारी भी दी जाएगी। शिविरों में विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। कलेक्टर ने खाद्य सुरक्षा योजना, पीएम आवास योजना और मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना पर भी चर्चा की। एसडीएम बिजेन्द्र सिंह ने किसानों को शिविरों और योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सरपंच बंशीधर, नायब तहसीलदार महेन्द्र गहलोत, बीडीओ महेन्द्र कुमार भार्गव, गिरदावर भवानी सिंह, सीमा, निजी सहायक सुरेश कुमार, विक्रम सिंह और धर्मपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।


