बिलासपुर नगर निगम की स्वच्छता पेट्रोल टीम ने शहर में सफाई अभियान को तेज कर दिया है। टीम ने पिछले तीन दिनों में सड़क पर कचरा और मलबा फैलाने वाले 25 लोगों पर 1.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। स्वच्छता सर्वेक्षण में बिलासपुर की स्थिति चिंताजनक है। पिछले पांच वर्षों में शहर की रैंकिंग 11वें से गिरकर 28वें स्थान पर आ गई है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में स्वच्छता पेट्रोल ने 15 दिनों में 2.43 लाख रुपये का जुर्माना वसूला था। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सभी जोन कमिश्नरों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जोन और स्वच्छता पेट्रोल की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। खाद्य दुकानों के बाहर कचरा फैलाने की शिकायत खाद्य दुकानों के बाहर कचरा फैलाने और बचा हुआ खाना नालियों में डालने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे नालियां जाम हो रही हैं और मच्छर-मक्खियों की संख्या बढ़ रही है। सड़कों पर निर्माण सामग्री और मलबा डालने से यातायात प्रभावित हो रहा है। साथ ही प्रदूषण की समस्या भी बढ़ रही है। नगर निगम ने भवन मालिकों और कचरा फेंकने वालों को चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसा करने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील की स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम किसी भी समय शहर का निरीक्षण कर सकती है। इसलिए नगर निगम ने नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील की है। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि कोई भी निर्माण सामग्री सड़क पर बिल्कुल भी डंप न करे, इससे यातायात और हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। नागरिकों से कहा गया है कि वह बाहर न फेंके बल्कि कचरा गाड़ी को दें, ताकि शहर स्वच्छ रहे।


