बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ उत्तर रेलवे ने शनिवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की। इस दौरान रेलवे की टीम ने फोर्ट्रेस चेक के तहत स्टेशन की ऐसी घेराबंदी की, जिससे बेटिकट यात्रियों को भागने का मौका तक नहीं मिला। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक 8 घंटे के विशेष अभियान में कुल 243 यात्री बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ पकड़े गए। इनसे मौके पर ही करीब ₹1.67 लाख का राजस्व वसूला गया। इस अभियान में 14 टिकट जांच कर्मियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को भी तैनात किया गया था। फोर्ट्रेस चेक के तहत स्टेशन के सभी निकास और प्रवेश द्वारों पर अचानक पहरा बैठा दिया गया। जैसे ही ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर पहुंची, टीम ने सघन चेकिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और कई यात्री जुर्माना भरते नजर आए। यात्रियों की सुविधा और अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। इस संबंध में सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने कहा िक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना और यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत को बढ़ावा देना है।


