कलंगपुर| महाशिवरात्रि पर्व पर जय मां दुर्गा महिला स्व-सहायता समूह, बस स्टैंड पारा कलंगपुर की 20 सदस्यीय महिलाओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। गांव के पुरैना तालाब पार स्थित शिव मंदिर परिसर एवं महिला घाट के आसपास व्यापक सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान के दौरान मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र से कचरा हटाकर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण बनाया। समूह की अध्यक्ष सारिका सिन्हा ने बताया कि जय मां दुर्गा महिला स्व-सहायता समूह विगत 11 वर्षों से निरंतर सक्रिय है और अब 12वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। यह समूह सामाजिक, रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर स्वच्छता अभियान, सामाजिक सेवा, जन-जागरूकता कार्यक्रम तथा असामयिक निधन की स्थिति में पीड़ित परिवारों को सहायता राशि प्रदान करने जैसे जनहित कार्य किए जाते रहे हैं और आगे भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।


