शंकरगढ़ | शंकरगढ़ विकासखंड के कन्या माध्यमिक शाला में 14 फरवरी को समावेशी शिक्षा के तहत एक दिवसीय वातावरण निर्माण एवं गैप एनालिसिस कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में अनुकूल, सरल और सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करना रहा। कार्यक्रम में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष व विकासखंड शिक्षा समिति की अध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि समावेशी शिक्षा के माध्यम से प्रत्येक बच्चे को समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और निरंतर प्रोत्साहन पर बल दिया। समग्र शिक्षा के जिला प्रतिनिधि विनोद पटेल ने शिक्षकों को दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सरल व उपयोगी शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि उनकी शैक्षणिक जरूरतें पूरी हो सकें और सीखने में आ रहे अंतर को कम किया जा सके।


