अमृतसर में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया गया। शहर के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जहां ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस बार बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी भी सेवा भाव के साथ मंदिरों में नजर आए। शिवालयों में सेवा कर रही 12वीं कक्षा की छात्राएं खुशी और जानवी के साथ सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही प्रीति ने बताया कि वे सुबह से ही मंदिर में सेवा दे रही हैं। इन छात्राओं का कहना है कि इस बार 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के पेपर ऑनलाइन चेकिंग प्रणाली के तहत जांचे जाने हैं। ऐसे में उन्होंने बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना की है कि उनकी मेहनत और लगन का उन्हें फल मिले और वे अच्छे अंकों के साथ सफल हों। श्रद्धालु नीलम चौहान ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से महाशिवरात्रि पर मंदिर में आकर सेवा करती हैं। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ का आशीर्वाद उनके परिवार पर सदा बना रहे। महाशिवरात्रि पर छेहर्टा के पंचरत्न श्री कृष्णा मंदिर में ड्यूटी निभा रही हैड कांस्टेबल कविता रानी ने ड्यूटी के साथ-साथ सेवा निभाई। उन्होंने अपनी ड्यूटी के साथ-साथ मंदिर में जाकर बाबा भोले नाथ का जलाभिषेक भी किया। उनका कहना है था कि बिना कर्मों के जैसे कोई सुख नहीं मिलता। इसी तरह मंदिर गुरुद्व्र्रारा साहिब में ड्यूटी भी उनकी मर्जी के बिना नहीं लगती। इसी दौरान कविता ने भोले नाथ की पिंडी पर जलाभिषेक भी किया।


