शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर श्री महाकाली गुफा वाला में भगवान शिव का भव्य रुद्राभिषेक एवं पूजन श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मनकामेश्वर गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। भगवान शिव का सर्वप्रथम पंचामृत से विधिवत स्नान कराया गया, जिसके पश्चात विभिन्न पवित्र द्रव्यों से अभिषेक किया गया। संपूर्ण पूजन कार्यक्रम महामंडलेश्वर जी महाराज के कर-कमलों द्वारा संगत के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर दूर-दूर से संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजन में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।


