28 फरवरी से विश्वविख्यात बाबा खाटूश्याम मेला शुरू होने जा रहा है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है रेलवे ने मेले के लिए रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। जो 1 मार्च से 15 मार्च तक चलेगी। रेलवे ने इस संबंध में सूचना जारी की है। खाटू मेले के लिए ये ट्रेनें उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09633, रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 15 मार्च तक रेवाड़ी से रात 10:10 रवाना होगी। जो रात 12:55 पर सीकर के रींगस स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09634, रींगस-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन रींगस से रात 1:30 पर रवाना होगी जो सुबह 4:30 पर रेवाड़ी स्टेशन पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में कुंड,अटेली,नारनौल,निजामपुर,डाबला,नीमकाथाना,कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशन पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में सात द्वितीय साधारण श्रेणी और दो गार्ड श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 9 डिब्बे होंगे।


