लुधियाना| जवाहर नगर कैंप में 14-15 फरवरी की दरम्यानी रात को आहूजा पैकिंग नामक दुकान में चोरी हो गई। आरोपी दुकान का रोशनदान तोड़कर अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपए की नकदी सहित कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। दुकान मालिक नवीन आहूजा निवासी जवाहर नगर कैंप ने बताया कि सुबह जब दुकान खोली तो अंदर का मंजर देख हैरान रह गए। ऊपरी मंजिल पर लगा रोशनदान टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि गल्ले में रखे करीब 2 लाख रुपए की नकदी और अन्य कीमती सामान गायब है। दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना थाना डिवीजन-5 की पुलिस को दी। जांच अधिकारी गुरमेल लाल ने बताया कि दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान राहुल पुत्र राम उजागर निवासी मनजीत नगर, धूरी लाइन के रूप में हुई है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और तलाश जारी है। पीड़ित का कहना है कि वह अपने स्तर पर भी छानबीन कर रहा है और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।


