लुधियाना| बाड़ेवाल इलाके में घर के बाहर कुत्ते को मल करवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना 2 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे आदर्श कॉलोनी में हुई, जहां एक बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घायल के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित सरूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उनके मोहल्ले के रहने वाले नहीं हैं, इसके बावजूद रोजाना कॉलोनी में आकर कुत्ते को घुमाते थे। इससे पहले भी आरोपी महिला कई लोगों के घरों के बाहर कुत्ते को मल करवा चुकी थी। मोहल्ले के लोगों ने उसे वहां आने से मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना वाले दिन जब उन्होंने महिला को सख्ती से रोकने की कोशिश की तो कहासुनी शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर महिला ने अपने पति को फोन कर मौके पर बुला लिया। इसके बाद पहुंचे तीन लोगों ने मिलकर सरूप पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर शानदीप सिंह, अमन कौर निवासी धांदरा मार्किट, बाड़ेवाल और वरिंदर सिंह निवासी सराभा नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी अजित पाल के अनुसार, फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


