लुधियाना| अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 72 बोतल अवैध शराब बरामद की है। दो मामलों में केस दर्ज किए गए हैं, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पहले मामले में फोकल पॉइंट थाना पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव गांधी कॉलोनी निवासी सनी कुमार अपने घर के बाहर अवैध शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी की। हालांकि पुलिस को आता देख आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 72 बोतल अवैध शराब बरामद कर ली। दूसरे मामले में डेहलों थाना पुलिस ने गांव दुलेह निवासी अमनदीप सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी के अनुसार, सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर में अवैध शराब बेच रहा है। पुख्ता जानकारी के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


