जालंधर | स्पेशल सेल की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो ड्रग तस्करों को 50 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी थाना-8 के इलाके में मछली मार्केट के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। स्पेशल सेल के एएसआई गुरविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ सोढल क्षेत्र में पैट्रोलिंग कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि दो युवक हेरोइन सप्लाई करने के लिए इलाके में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां खड़े दो युवक घबराकर खिसकने लगे। शक के आधार पर एएसआई ने दोनों को रोककर पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान विनोद कुमार निवासी अमन नगर और पंकज कुमार उर्फ गिन्नी निवासी ग्लोब कॉलोनी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर आरोपियों की जेब से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना 8 में मामला दर्ज कर लिया है।


