नरसिंहपुर जिले में अष्टांग चिकित्सालय से लेकर पंचमुखी हनुमान मंदिर तक सड़क किनारे हुए अतिक्रमणों को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से संघर्षरत हैं। इस मुद्दे पर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और चेतावनियां भी दी गई, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल औपचारिक कार्रवाई की गई। जिससे नाराज लोगों ने मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन किया। अंतिम बार सौंपा ज्ञापन पीड़ितों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अतिक्रमण हटाने के लिए अंतिम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रशासन ने यदि इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो बड़ा स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क किनारे हुए अतिक्रमण से न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों को असुविधा का भी सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन ने अब तक केवल कागजी कार्रवाई की है और अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया। एसडीएम मणिंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कुछ दिन पहले शिकायत की थीं और आज भी शिकायत की जिसे लेकर तहसीलदार और नपा सीएमओ पहुंचे थे। पहले हुई शिकायत में अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई की जा चुकी है। थोड़ा बहुत अतिक्रमण शेष है, जिसपर जल्द कार्रवाई की जाएगी।


