सेंट मेरीज़ कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तुलसी नगर भोपाल में मंगलवार को किंडरगार्डन के छात्रों के लिए लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक जागरूकता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना था। कक्षा केजी-1(सी) के बच्चों ने “राजस्थानी घूमर नृत्य” और कक्षा केजी-2(सी) ने “पंजाबी भांगड़ा नृत्य” की प्रस्तुति देकर विजेता का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल के प्रांगण में हुआ, जहां बच्चों ने विभिन्न भारतीय राज्यों के पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए। उत्तराखंड से गढ़वाली, महाराष्ट्र से लावणी, पंजाब से भांगड़ा, बिहार से झिझिया, गुजरात से गरबा और राजस्थान से घूमर नृत्य का प्रदर्शन किया गया। प्रतियोगिता के बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर मारिया जगताप ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने बच्चों की मेहनत और उत्साह की सराहना की और इस प्रकार के आयोजनों के महत्व को भी बताया, जो बच्चों के व्यक्तित्व के विकास में सहायक होते हैं। लोकनृत्य प्रतियोगिता ने ना केवल बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों को जागृत किया, बल्कि उन्हें अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन करने का एक बेहतरीन मंच भी प्रदान किया।


