भास्कर न्यूज | गरियाबंद स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विकासखंड गरियाबंद के डोंगरीगांव ग्राम पंचायत और इसके आश्रित गांवों के लिए नवनिर्मित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान सेप्टिक टैंकों से निकाले गए स्लज को वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत प्लांट में डालकर इसकी कार्यप्रणाली का सफल प्रदर्शन भी किया गया। यह अत्याधुनिक प्लांट शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके संचालन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी और जनपद पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके बाद नगर पालिका के डी-स्लज वाहन के माध्यम से नगर सहित आसपास के गांवों में नियमित सेप्टिक टैंक सफाई सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। प्लांट की प्रमुख विशेषता इसकी छह-स्तरीय फिल्टर प्रणाली है, जिसके माध्यम से स्लज का वैज्ञानिक उपचार किया जाता है। शोधन के बाद प्राप्त जल का उपयोग बागवानी और पौधों की सिंचाई में किया जा सकेगा, जबकि ठोस अवशेष उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद में परिवर्तित होंगे। इससे भूमिगत जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और खुले में अपशिष्ट निस्तारण से फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी।


