भास्कर न्यूज | कोंडागांव कोतवाली थाना क्षेत्र के आलबेडा फॉरेस्ट कॉलोनी में गुरुवार शाम 7 बजे बड़ा हादसा टल गया। शिक्षक अजय मरकाम के घर में खड़ी स्कूटी में अचानक स्पार्क होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घर का पार्किंग एरिया और लिविंग रूम भी जलकर खाक हो गया। स्कूटी के साथ एक बाइक भी पूरी तरह जल गई। मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूटी की गुरुवार को ही सर्विस हुई थी, जिसके बाद उसे घर लाया गया था। शाम को अचानक उसमें स्पार्क हुआ। इससे उठी चिंगारी ने आसपास रखे दूसरे सामान को भी आगोश में ले लिया। आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकले और पड़ोसियों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी का छिड़काव शुरू किया। दमकल को भी सूचना दी गई, लेकिन दमकल के मौके से पहले ही लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था।


