भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन होगा। विज्ञान संकाय के संयोजन में यह चार दिवसीय उत्सव 23 से 26 फरवरी तक आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य थीम वूमेन इन साइंस कैटलाइजिंग विकसित भारत रखी गई है। इसकी तैयारी के लिए शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मूल उद्देश्य छात्रों के बीच विज्ञान को लोकप्रिय बनाना और उनमें तार्किक सोच विकसित करना है। इसके तहत विज्ञान व प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियां, प्रश्नोत्तरी, निबंध, और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही, महान भारतीय वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकट रमन के जीवन और उनके रमन प्रभाव के योगदान पर विशेष सत्र आयोजित होंगे। आयोजन की शुरुआत 23 फरवरी को दोपहर 12 बजे भौतिकशास्त्र विभाग द्वारा साइंस विथ फन प्रतियोगिता से होगी, जिसके प्रभारी डॉ. जगदीश कुमार सत्यम होंगे। इसी दिन दोपहर 2 बजे से वनस्पतिशास्त्र विभाग के डॉ. जागृति चंद्राकर के नेतृत्व में प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं 24 फरवरी को तकनीकी कौशल का प्रदर्शन होगा, जिसमें दोपहर 12 बजे कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के डॉ. अजय कुमार देवांगन के प्रभार में वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता होगी। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे गणित विभाग के रुपावती के मार्गदर्शन में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 25 फरवरी को प्रायोगिक और शैक्षणिक सत्र होंगे। दोपहर 12 बजे रसायनशास्त्र विभाग के प्रदीप कन्हेर के नेतृत्व में साइंस विथ वन मिनट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं, दोपहर 2 बजे प्राणिशास्त्र विभाग द्वारा सुश्री प्रियंका सोनवानी के प्रभार में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। समापन और पुरस्कार वितरण 26 फरवरी को होगा आयोजन का समापन 26 फरवरी को होगा। इस मुख्य समारोह में चारों दिनों की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर डॉ. ईपी चेलक, रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रदीप कन्हेर, प्राणिशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रियंका सोनवानी, डॉ. जागृति चंद्राकर, डॉ. प्रिया बारीक सहित अन्य मौजूद थे।


