भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लंबित आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आवास तिहार का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत महासमुंद विकासखंड की 105 ग्राम पंचायतों में एक साथ निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। जिले में आवास निर्माण की स्थिति को सुधारने के लिए जिला और जनपद स्तर पर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। 19 फरवरी को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुल 611 हितग्राहियों के आवासों का भूमिपूजन और नींव खुदाई का कार्य संपन्न कराया गया। वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए जनपद पंचायत क्षेत्र में कुल 13,754 आवास स्वीकृत हैं। इनमें से 3,274 आवास ऐसे थे जिनकी प्रथम किस्त जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर इन अप्रारंभ आवासों का ले-आउट तैयार कर काम शुरू कराया जा रहा है। जनपद पंचायत सीईओ बरनसिंग मंडावी ने ग्राम पंचायत भोरिंग में आयोजित जन चौपाल के दौरान हितग्राहियों को संबोधित किया। उन्होंने शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना को समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्रों सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


