मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास में साय से शहर के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान प्रतिमा सरजू यादव ने मुख्यमंत्री साय को मनेंद्रगढ़ आने का निमंत्रण भी दिया। नगरपालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री साय को उनके जन्मदिवस पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मनेंद्रगढ़ के भाजपा नेता और पूर्व पार्षद सरजू यादव भी मौजूद रहे। प्रतिमा सरजू यादव ने कहा कि वे मनेंद्रगढ़ के विकास को लेकर दृढ संकल्पित है। मनेंद्रगढ़ को विकास के सोपान तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। शहर की जनता ने जिस उम्मीद के साथ मुझे शहर की बागडोर सौंपी है उस उम्मीद को पूरा करने मै भरसक प्रयास करूंगी।


