जयपुर के मीनावाला स्थित यूनिवर्स पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए शुभाशीष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं के छात्रों ने अपने वरिष्ठ साथियों को विदाई दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करणी यूनिवर्स कॉलेज से विजय सिंह राठौड़ और अनूप शेखावत उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक, प्रेरक और उत्साहवर्धक प्रस्तुतियां दी गईं। विदाई समारोह में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की भावनाएं मिश्रित थीं। एक ओर उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ाने की खुशी थी, तो दूसरी ओर बचपन से जुड़े विद्यालय को छोड़ने का दुख भी। संस्था की निदेशक ऋतिका राठौड़ ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने का संकल्प कराया। विद्यालय की प्राचार्या राखी निर्वाण ने विद्यार्थियों को देश, समाज और परिवार का सच्चा नागरिक बनने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथियों ने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और निरंतर प्रगति का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ।


