चित्तौड़गढ़ के भोईखेड़ा में महाशिवरात्रि का भव्य मेला लगने वाला है। इसकी तैयारियां की जा रही है। शहरी क्षेत्र में ऐसा पहली बार भव्य आयोजन महाशिवरात्रि के अवसर पर होने वाला है। संगम स्थल पर स्थित संगम महादेव मंदिर से इसकी शुरुआत की जाएगी। यह आयोजन 5 दिनों का होगा। क्षेत्रवासियों ने इसके लिए पूरे शहर को निमंत्रण दिया है। साथ ही, दोनों पार्टियों के नेताओं को भी बुलाया गया है। शिवरात्रि के दिन सुबह से ही हवन-पूजन और अभिषेक का कार्यक्रम चलेगा। इसके बाद शाम से क्रिकेट मैच का भी उद्घाटन होगा। मुख्य आकर्षण सिंगर प्रेमशंकर जाट, डांसर राखी रंगीली और अनोखी राजस्थानी का रहेगा, जो अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। मान्यता ऐसी की दूर-दूर से आते है भक्त पार्षद बालकिशन भोई ने बताया कि देश में उत्तरी दिशा में संगम स्थल प्रयागराज के बाद सिर्फ चित्तौड़गढ़ में ही है। यहां महादेव की काफी मान्यता है। यहां पर काल सर्प दोष की भी पूजा होती है। पवित्र स्थान होने के कारण यहां शिवरात्रि पर लोगों का आना जाना लगा रहता है। अब धीरे-धीरे संगम स्थल की ख्याति बढ़ रही है। ऐसे में भक्तों को यहां आकर अच्छा लगे इसलिए पांच दिवसीय प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। पार्षद बालकिशन भोई ने बताया कि पुराने समय में आजादी के बाद से ही समेला लगता था। लेकिन 20-25 सालों से इतना बड़ा आयोजन नहीं हो रहा है। इस बार भामाशाहों ने काफी सहयोग किया है, जिसके कारण यह आयोजन फिर से शुरू किया गया। 26 फरवरी से शुरू होगा आयोजन उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर पांच दिनों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संगम स्थल स्थित संगम महादेव मंदिर के पास ही सारा आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों शोरों से किया जा रहा है। शहर क्षेत्र में ऐसा आयोजन पहली बार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस दौरान 26 तारीख को सुबह मंदिर में पूजा अभिषेक का दौर चलेगा। शाम को 5 बजे भव्य मेले और क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन किया जाएगा। 27 फरवरी को दोपहर 3 बजे से भोलेनाथ का प्रसाद (भंडारा) और भजन संध्या का आयोजन होगा। 28 फरवरी को शाम 7 से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। वहीं, 1 मार्च को रात के 8 बजे एक शाम संगम महादेव के नाम के भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके अलावा 2 मार्च को रात को मेला और क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह आयोजित होगा। इस दौरान सिंगर प्रेम शंकर जाट, डांसर राखी रंगीली और अनोखी राजस्थान में भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बीजेपी और कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं को निमंत्रण दिया गया है। इसके अलावा हजारेश्वर महादेव मंदिर के महंत श्री चंद्रभारती जी महाराज को आमंत्रित किया गया है। शहरवासियों के बीच प्रचार प्रसार किया जा रहा है। संभावना है कि आयोजन में 10 हजार लोग जुट सकते है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता अलर्ट है। 16 टीमें खेलेगी क्रिकेट उन्होंने बताया कि मेले में 100 दुकानों का आवंटन निशुल्क किया जाएगा। झूले-चकरी भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा संगम महादेव विकास एवं मेला समिति भोईखेडा द्वारा रात्रि कालीन क्रिकेट मैच का आयोजन संगम खेल मैदान पर किया जाएगा। इसमें एंट्री फीस के रूप में 1100 रूपये लिए जा रहे हैं। क्रिकेट मैच में 16 टीमें में भाग लेगी। मैच में विजेता टीम को 11000 रुपए और उपविजेता टीम को 5100 रुपए नगद दिए जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं के लिए रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। हर मैच 10-10 ओवर का होगा।


