30 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार:यूपी से लाकर करते थे सप्लाई, 2.55 लाख रुपए और लग्जरी कार जब्त

करौली में सपोटरा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 30 किलो 200 ग्राम गांजे के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से गांजा बिक्री के 2 लाख 55 हजार रुपए, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक कार और तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में नशे के कारोबार पर लगाम कसने का अभियान जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में दौसा के भापर थाना क्षेत्र का दाताराम (20), मथुरा के मनसापुरी कॉलोनी का अजय कुमार (43) और करौली के टोडाभीम थाना क्षेत्र का मनीराम मीणा (40) शामिल हैं। ये तस्कर उत्तर प्रदेश से नशीला पदार्थ लाकर भरतपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर और आस पास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। सपोटरा थाना अधिकारी धारा सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर निमोदा रेलवे अंडरपास के पास से आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को धर लिया। इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल मुरारी लाल और रूकम सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *