भास्कर न्यूज | रामगढ़ प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से रविवार की देर शाम भुरकुंडा स्थित रिवर साइड में महाशिवराित्र को लेकर चैतन्य झांकी व शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महाशत्रु कौन जिसमें श्रद्धालुओं ने पांच विकार जब छोड़ेंगे तभी मिटेगा भ्रष्टाचार के नारे के उद्घोषणा लेकर शोभा यात्रा निकाली। ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने बताया कि पांच विकारों को हरने वाले शिव ही हैं। इसलिए शिव के ऊपर धतूरा चढ़ाया जाता है, जो मन के विकारों का स्थूल प्रतीक हैं। शंकर तपस्या मूर्त हैं जो नई सृष्टि की स्थापना होने के पश्चात् पुरानी सृष्टि के संहार के निमित्त है। इस प्रकार शिव और शंकर में महान अंतर है। शोभा यात्रा रिवर साइड से आरंभ होकर विभिन्न सड़कों से होते हुए बुधबाजार ब्रह्माकुमारी केन्द्र पहुंचा। जहां श्रद्धालुओं ने राजयोग का अभ्यास किया। शोभा यात्रा में यह संदेश दिया कि दुखों के अंत में अब देर नहीं, स्वर्ग की सुखमय दुनिया अब दूर नहीं। नया युग आध्यात्मिक युग होगा। पवित्रता ही सुख शांति की जननी हैं। हर कीमत पर इसकी रक्षा करना हमारा पहला कर्तव्य है। भास्कर न्यूज|रामगढ़ जयश्री महाकाल मंडली रामगढ़ की ओर से 13वां महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर एलआईसी ऑफिस के पास महाकालेश्वर बाबा का भव्य दरबार सजाया जाएगा। यहां, पूजन के साथ पंडाल निर्माण किया गया है। 25 फरवरी को दिन के 11 बजे अग्नि पूजन(भट्टी) के साथ भंडारा का प्रसाद बनाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। वहीं, 26 फरवरी की सुबह 10 बजे महाकाल दरबार में भगवान शिव की विधिवत पूजा होगी। यहां, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुजारी पंडित विकास पांडेय द्वारा यजमान पंकज अग्रवाल व उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल को पूजा कराएंगे। पूजन, आरती के बाद 11 बजे से भंडारा प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं, 2 बजे दोपहर में भगवान को भोग लगाया जाएगा। 3 बजे से बच्चों का जीवंत झांकी व नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद बच्चों के बीच पुरस्कार वितरण किया जाएगा। संध्या 6 बजे महाआरती व पुष्प वर्षा के बाद दूध भांग का महाप्रसाद वितरण होगा। 7 बजे से भक्ति जागरण का आयोजन किया गया है। इसे लेकर मंडली के सेवादारों ने महाशिवरात्रि की तैयारी कार्यों में योगदान दे रहे है।


