लातेहार | लातेहार के मंगलवारीय बाजारटांड स्थित प्राचीन शिव मंदिर में लगने वाले महाशिवरात्रि मेले का एसपी कुमार गौरव ने सोमवार को फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मेले में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने मेला ठेकेदार को प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी लगाने, रात में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था करने और खासकर महिलाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में शराब की बिक्री पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सभी का स्वागत है। लोग आएं और मेले का आनंद लें। मेला ठेकेदार नागेंद्र पाठक ने बताया कि मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए बड़ा झूला, मौत का कुआं, रेल, डिस्को डांस, जंपिंग यार्ड के अलावा महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधनों की कई दुकानें लगाई गई है। उन्होंने जिलेवासियों से मेले में आने और इसका आनंद उठाने की अपील की। मौके पर टुनटुन सिंह, रंजीत कुमार, सतीश कुमार, परितोष ठाकुर समेत कई लोग मौजूद थे। भास्कर न्यूज | बारियातू मुख्यालय स्थित जेआरजी बैंक के पास शाखा डाकघर के बैनर तले सोमवार को वित्तीय समावेशन शिविर लगा। लातेहार के सहायक प्रबंधक अभिषेक सिंह ने बताया कि डाकघर में अब इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के नाम से खाता खुलता है। यह पूरे देश में कहीं भी लेनदेन की सुविधा देता है। यह बैंक केंद्र सरकार द्वारा संचालित है। इसमें किसी भी खाताधारक की राशि डूबती नहीं। शिविर का मकसद वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है। साथ ही दूर-दराज के ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं देना है। अब तक 12 करोड़ खाते खुल चुके हैं। कोई भी व्यक्ति पोस्ट ऑफिस जाकर खाता खुलवा सकता है। उक्त शिविर में आधार अपटेड,नया आधार बनाने व डाकघर से सम्बंधित सभी कार्य किये गए।शिविर को सफल बनाने में चंदशेखर कुमार, दिवाकर कुमार, शिव उरांव समेत अन्य डाकघर कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।


