रांची में इन दिनों छात्राओं के साथ मनचले छेड़खानी की घटनाओं को लगातार अंजाम दे रहे हैं। कभी अपर बाजार क्षेत्र में तो कभी पुरुलिया रोड में। हद तो तब हो जा रही है जब मनचले छोटी बच्चियों को भी नहीं छोड़ रहे। स्कूल व कॉलेज के पास जो मनचले छेड़खानी कर रहे हैं, उनका दिन में अक्सर अड्डा पान की दुकानों पर रहता है। इन दुकानों की भास्कर ने पड़ताल की, जो स्कूल व कॉलेज के 100 गज के दायरे में हैं और जहां खुलेआम गुटखा व सिगरेट बेचा जा रहा है। जिसकी वजह से वहां स्कूल व कॉलेज के टाइम में अक्सर मनचलों का अड्डा रहता है। जबकि शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में किसी भी दुकान में कोई तंबाकू उत्पाद की बिक्री नहीं होनी है। इन पर शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित थाना को कार्रवाई करनी है। लेकिन तीनों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिला प्रशासन और संबंधित थाना नहीं करते हैं कार्रवाई, इसलिए दुकानदार भी खुलेआम बेच रहे पान-सिगरेट पुरुलिया रोड… कई शिक्षण संस्थान हैं, सबसे ज्यादा अड्डेबाजी भी यहीं पुरुलिया रोड में सबसे अधिक शिक्षण संस्थान है। इन शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में कई ठेले लगे हुए रहते हैं। जहां तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। भास्कर रिपोर्टर ने यहां भी लगने वाले ठेलों से तंबाकू उत्पाद खरीदा। इन ठेलों पर लगातार मनचलों की भीड़ देखी जा सकती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। कोई पुलिस वाला कार्रवाई करते हुए दिखा भी नहीं। मारवाड़ी महिला कॉलेज गेट के सामने धड़ल्ले से बिक रहे तंबाकू उत्पाद मारवाड़ी महिला कॉलेज के सामने स्थित पान दुकान में खुलेआम तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने उक्त दुकान में जाकर तंबाकू उत्पाद खरीदा। महिला कॉलेज के ठीक सामने तंबाकू उत्पाद को जलाया भी, लेकिन ना ही किसी ने रोका और ना ही किसी ने टोका। जबकि सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पाद का सेवन वर्जित है। छोटानागपुर बालिका विद्यालय… स्कूल गेट के बगल में बिक रहा है सिगरेट थड़पखना स्थित छोटानागपुर बालिका उच्च विद्यालय के ठीक बगल में ठेला लगता है। जहां सिगरेट व गुटखा सहित अन्य तंबाकू उत्पाद बिक रहे हैं। जबकि इस स्कूल में छोटी-छोटी बच्चियां पढ़ती हैं। स्कूल आने के समय और छुट्टी के समय यहां अक्सर अनजान युवक आकर खड़े रहते हैं। कारण ठेला, जहां सिगरेट व गुटखा लेने के बहाने अड्डेबाजी होती है। भास्कर रिपोर्टर ने भी यहां से सिगरेट लिया। तंबाकू उत्पाद बेच रहे हैं तो कार्रवाई होगी शिक्षण संस्थानों के आसपास नशापान पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है। अगर कोई तंबाकू उत्पाद बेचते पाया जाता है तो उसपर कार्रवाई भी होती है। सिविल सर्जन को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। मैं खुद इसकी जांच कराकर नियम संगत कार्रवाई करूंगा
– उत्कर्ष कुमार, एसडीओ सदर


