भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग क्षेत्र अजमेर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने रविवार को एसई ऑफिस में जिलेभर के जलदाय विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर व जिले में की जा रही पेयजल व्यवस्थाओं की तैयारियों की जानकारी ली। बकायादारों से राजस्व वसूली करने पर जोर देने के साथ ही, जो बकायादार राशि जमा नहीं कराए उसके कनेक्शन काटने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मेजा बांध स्थित इंटेक वैल और जलदाय विभाग परिसर स्थित फिल्टर प्लांट का भी निरीक्षण किया। अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड ने भीलवाडा वृत कार्यालय में विभाग के अधिशासी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं व कनिष्ठ अभियंताओं के साथ विभाग में चल रहे विभिन्न प्रकार के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य रूप से राजस्व वसूली पर विशेष चर्चा के साथ-साथ प्रगति की समीक्षा की गई। अवैध जल संबंध विच्छेद के साथ ही गर्मी में पेयजल व्यवस्था, आवश्यक दर संविदा, विद्युत कनेक्शन, नियमित जल परीक्षण, अमृत 2.0 योजना आदि पर चर्चा कर निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता मीतू जैन, एक्सईएन नगर खंड किशन खोइवाल, एक्सईएन ग्रामीण खंड बक्षुलाल गुर्जर, शाहपुरा खंड मयंक शर्मा, एईएन प्रेमचंद, देवेंद्र कुमार, रविंद्र कुंतल, विजयसिंह खटाणा, बालूराम गुर्जर सहित कई एईएन और जेईएन उपस्थित थे।


