हरियाणा के नारनौल में जिला प्रशासन की ओर से गठित संयुक्त टीम ने पिछले दो दिनों में खनिज के अवैध परिवहन करते एक डंपर और दो ट्रैक्टर पकड़े हैं। तीनों वाहनों को संयुक्त टीम की ओर से जब्त कर लिया गया है। इन पर लगभग 8.50 लाख रुपए की जुर्माना कर नियम अनुसार शुरू की जा रही है। जिला खनन इंजीनियर डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि खनन विभाग के महानिदेशक केएम पाण्डुरंग के दिशा-निर्देशन में अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोमवार व मंगलवार को की गई इस कार्रवाई में पालड़ी पनिहार के पास रोड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ा। इसमें चेकिंग के दौरान बिना बिल का माल पाया गया। इसी प्रकार राजस्थान बॉर्डर पर निजामपुर में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा, जिसमें अवैध रूप से बजरी ले जा रहे थे। यह ट्रैक्टर-ट्रॉली राजस्थान से बजरी लेकर आ रहा था। इसी प्रकार नांगल चौधरी के पास नदी में बजरी निकालकर ले जाते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। जुर्माने के बाद छोड़ेंगे वाहन
खनन इंजीनियर ने बताया कि इन तीनों वाहनों पर नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए लगभग 8.50 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना वसूली के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि उपायुक्त डॉ. विवेक भारती के निर्देश में यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिला में अवैध खनन व खनिज पदार्थ का अवैध रूप से परिवहन नहीं करने दिया जाएगा।


