भास्कर संवाददाता | चूरू जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में हुए तीन दिवसीय चूरू महोत्सव- 2025 का समापन सोमवार रात हुआ। समापन समारोह में प्रेम रामायण लाइव थिएटर का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद हुए कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय स्तरीय कवियों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रंगकर्मी अतुल सत्य कौशिक द्वारा लाइव थिएटर प्रेम रामायण का मंचन किया गया। प्रेम रामायण में राम-सीता, उर्मिला-लक्ष्मण संवाद के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद कवि सम्मेलन में विवेक पारीक ने वीर रस की कविताओं से श्रोताओं में जोश भरा, वहीं जुबैर अली ताबिश ने शायरियों की प्रस्तुति दी। अमन अक्षर और इति शिवहरे ने सौंदर्य व शृंगार रस की कविताओं की प्रस्तुति दी। अरुण जैमिनी ने हास्य रस की कविताओं से श्रोताओं को लोटपोट कर दिया। तहसीलदार अशोक गोरा ने मुक्तक प्रस्तुत किए। कवि सम्मेलन का संचालन लोकेश कुमार साहिल और कार्यक्रम का एपीआरओ चंद्रशेखर पारीक व प्रीति सक्सेना ने किया। सांसद राहुल कस्वां, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, पद्म भूषण देवेंद्र झाझड़िया, जिला प्रमुख वंदना आर्य, कलेक्टर अभिषेक सुराणा, एसपी जय यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. शरद कुमार व्यास, एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, पूर्व सभापति विजय शर्मा, एसडीएम बिजेंद्र सिंह, डीएसपी सुनील झाझड़िया, चूरू नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह, डॉ. वासुदेव चावला, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा आदि लोग उपस्थित थे। विभिन्न प्रतियोगिता में ये रहे विजेता : चूरू महोत्सव के दौरान हुई गायन प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में तेजस हारित व सीनियर वर्ग में सांवरमल प्रथम स्थान पर रहे। समूह नृत्य प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में लक्षिता व सीनियर वर्ग में हिमांशी, नेल आर्ट प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में मन्नत सोनी और पेंटिंग प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सानवी सोनी व सीनियर वर्ग में वंशिका शर्मा प्रथम स्थान पर रहे।


