अब सफाई कर्मचारियों की हाजिरी ऑनलाइन लगेगी। ड्यूटी समय के एक घंटे के बाद हाजिरी नहीं लगाई जाएगी। सीधे सीएल काटी जाएगी। अब जमादारों से मिलकर हाजिरी नहीं लग सकेगी। नगर निगम ने डयूटी के दौरान बंक मारने की परंपरा बंद करने के लिए एप विकसित किया है। अब एप से ही गूगल लोकेशन के हिसाब से ही हाजिरी लगेगी। दरअसल बीते दो महीने से उपायुक्त कई बार औचक निरीक्षण पर गए तो पाया कि जिसकी हाजिरी जमादार ने लगा दी वो भी ड्यूटी पर नहीं है। अगर कर्मचारी की सांठगांठ जमादार से है तो सफाई करे या ना करे हाजिरी की चिंता नहीं है। जमादारों ने ऐसा सिस्टम बना दिया कि चहेते कर्मचारियों को खुली छूट दी हुई है। यही वजह है कि वे रजिस्टर में तो हाजिर हैं लेकिन काम नहीं करते देखे गए। इसके बाद निगम को लगा कि अब इसमें बदलाव करना होगा। फिर निगम ने एक ऐसा एप तैयार करवाया जिससे अब कार्मिक की हाजिरी गूगल लोकेशन के आधार पर खुद के मोबाइल से ही लगेगी। मान लो आपका ड्यूटी समय 6 बजे आने का है तो 7 बजे तक ही हाजिरी लग सकती है। उसके बाद हाजिरी लगनी बंद हो जाएगी। उसके बाद सीधे सीएल ही लगेगी। सीएल से बचने के लिए फिर अधिकारियों के चक्कर लगाने होंगे। वाजिब कारण बताने होंगे। उसके बाद इंस्पेक्टर्स या स्वास्थ्य अधिकारी हाजिरी लगा सकेंगे। क्रिटिकल कंडीशन में कमिश्नर या डिप्टी कमिश्नर ही हाजिरी लगवा सकेंगे। एप तैयार होने के बाद फिलहाल उस पर डेटा अपलोड हो रहा है। करीब आधे सफाई कर्मचारियों के डेटा की एंट्री हाे भी चुकी है। पूरा डेटा अपलोड होते ही नई व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। “कोशिश है। जल्दी ही एप तैयार होने के बाद इससे हाजिरी लगेगी। मकसद सिर्फ इतना है कि समय पर काम शुरू हो और जनता को राहत मिले।”
-मयंक मनीष, आयुक्त नगर निगम


