एयरलाइन की लापरवाही:मुंबई जा रही फ्लाइट में यात्रियों को 4 घंटे बैठाए रखा, फिर कहा-अब फ्लाइट नहीं जाएगी, हंगामा

एयरपोर्ट पर मंगलवार को यात्रियों को एयरलाइन की लापरवाही के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस ने यात्रियों को 4 घंटे तक विमान में बैठाए रखा, फिर जाने से मना कर दिया। मामला एयर इंडिया एक्सप्रेस एयरलाइंस की फ्लाइट आईएक्स-1215 का है। दरअसल फ्लाइट जयपुर से सुबह 9:25 बजे मुंबई के लिए रवाना होनी थी। सभी को बोर्डिंग करा दी गई। पायलट ने विमान को जैसे ही रन-वे की ओर बढ़ाया तो तकनीकी खामी का पता चला। इसकी जानकारी एटीसी और एयरलाइंस ग्राउंड टेक्निकल स्टाफ को दी। मौके पर पहुंची टीम ने फ्लाइट को अटेंड किया, लेकिन 4 घंटे बाद भी फ्लाइट को ठीक नहीं किया जा सका। इसी फ्लाइट से मुंबई जा रहे आईपीएस प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि फ्लाइट में तकनीकी खामी बताई थी। करीब सवा दो घंटे तक इंतजार करने के बाद यात्रियों ने हंगामा शुरू किया। फ्लाइट में एसी भी काम नहीं कर रहा था। बच्चे और बुजुर्ग यात्री परेशान हो रहे थे। करीब 4 घंटे बाद यात्रियों को बताया गया कि फ्लाइट तकनीकी कारणों के चलते रद्द कर दी गई है। इसके बाद यात्रियों को दोबारा टर्मिनल बिल्डिंग में भेज दिया गया। दूसरी फ्लाइट में शाम छह बजे ले जाने की व्यवस्था की बात कही गई, लेकिन बाद में रिफंड लेने के लिए कह दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *