विधानसभा के बाहर चल रहा कांग्रेस प्रत्याशियों का प्रदर्शन लोगों के लिए परेशानियों का सबब बना हुआ है। 2 दिन शहर में 9-9 घंटे का डायवर्जन रहा। पीक आवर्स में 1 किमी के सफर को पूरा करने में 40 मिनट लगे। डायवर्जन सुबह 9 बजे से लागू हो जाता है, जो विधानसभा चलने तक रहता है। ट्रैफिक पुलिस ने सहकार मार्ग, टोंक रोड, अंबेडकर सर्किल से विधानसभा की ओर आने वाले रास्तों को बंद कर डायवर्जन कर दिया। दो सड़कों पर आया पूरा बोझ
विधानसभा की ओर आने एवं जाने के सभी रास्ते बंद होने के कारण सहकार मार्ग और टोंक रोड पर पूरा दबाव आ गया। नतीजा इन दोनों रोड को जोड़ने वाली सड़क पृथ्वी सिंह, भारत जोड़ो सेतु पर जाम के हालात बने रहे। ऐसा ही नजारा हाईकोर्ट से स्टेच्यू सर्किल की ओर जाने वाली सड़क का रहा। इन सड़कों पर सुबह 8 से 10 और शाम को 6 से 8 बजे तक ऑफिस आने-जाने का समय होने के कारण भारी ट्रैफिक जाम हो रहा है। रविवार को घेराव की घोषणा, मंगलवार तक नहीं आया ट्रैफिक प्लान कांग्रेस ने रविवार को ही सोमवार के घेराव की घोषणा कर दी थी, मीडिया में चल गया था। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी नहीं की। अगले दिन मंगलवार को कांग्रेस विधायकों का विरोध था। पुलिस को पहले से अंदेशा था। इसी कारण पुलिस ने मंगलवार सुबह चारों ओर के रास्ते रोक दिए फिर भी मीडिया में उसकी एडवाइजरी जारी नहीं की गई। इसके चलते लोग परेशान रहे। रामप्रकाश- सहकार सर्किल से लाल कोठी की ओर जा रहा था। आगे चला तो लाल कोठी की ओर जाने वाले दोनों रास्ते, जो विधानसभा की ओर जाते हैं, बैरिकेड्स लगाकर बंद किए गए थे। लालकोठी में घर है, उस तक पहुंचने के लिए पीएचक्यू वाली गली पकड़ी, लेकिन वहां जाम था। हरीश – मुझे ज्योति नगर थाने की तरफ जाना था, लेकिन समझ नहीं आया जाऊं कहां से। अंबेडकर सर्किल पर बैरिकेड्स लगे थे। पुलिसवाले असहाय थे कि ऊपर से आदेश है, नहीं जा सकते। आगे बढ़ा तो जाम में लगभग रेंगते ट्रैफिक से फिर सहकार मार्ग पकड़ा। 1 बजे धरना समाप्त, बैरिकेडिंग शाम तक
सुरक्षा व अव्यवस्था न हो, इसके लिए विधानसभा के चारों ओर मंगलवार को रास्ते रोक दिए। धरना समाप्त होने के बाद भी यहां पर शाम तक बैरिकेडिंग नहीं हटाई।


