भास्कर न्यूज| महासमुंद मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विनय लंगेह ने समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, धान उठाव की मॉनिटरिंग और शिक्षा व स्वच्छता के मानकों को बेहतर बनाने के लिए जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचें। उन्होंने आधार बेस्ड उपस्थिति प्रणाली और ई-ऑफिस के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि समय पालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में धान खरीदी के बाद उठाव की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बताया कि अब तक कुल 8,21,969 मीट्रिक टन धान के लिए डीओ जारी किया जा चुका है। जिसके विरुद्ध 6,21,451 मीट्रिक टन धान का उठाव सफलतापूर्वक कर लिया गया है। संभावित बारिश को देखते हुए केंद्रों पर कैप कवर और जल निकासी के लिए नाली निर्माण के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन लगभग 20 हजार क्विंटल धान उठाव सुनिश्चित करने को कहा गया है। कलेक्टर ने राशन दुकानों में खाद्यान्न वितरण में देरी पर नाराजगी जताते हुए चावल उत्सव अनिवार्य रूप से आयोजित करने और एसडीएम को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।


