भास्कर न्यूज | जैंतगढ़ जैंतगढ़ के आसपास के क्षेत्र में सोमवार देर रात आई आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचाई। रात 12 बजे अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में भारी ओला वृष्टि भी शुरू हो गई। ओलों ने खेतों और रिहायशी इलाकों को प्रभावित कर दिया। तेज हवा के कारण कई कच्चे मकानों की छतें उड़ गईं। कंदरकोला चौक स्थित विशाल पीपल का पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। बिजली भी गुल हो गई। इससे कई गांवों में मंगलवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तेज हवा और भारी ओलावृष्टि से कई खपड़ा और टाइल्स से बने मकानों के छत उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओला लगभग डेढ़ सौ से दो सौ ग्राम तक का गिरा। सुबह तक भी ओला पूरी तरह नहीं गल पाया था। सब्जी की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से खेतों में तैयार सब्जी की फसल बर्बाद हो गई। टमाटर, बैंगन, मिर्च सहित अन्य सब्जियों को भारी क्षति पहुंची है। वहीं आम और सहजन के फूल पूरी तरह झड़ गए हैं। किसानों के अनुसार कई एकड़ में लगी फसल पूरी तरह चौपट हो गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने का अनुमान है। तेज हवा और गरज के साथ वर्षा और ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। इससे ठंड भी बढ़ सकती है।


