झालावाड़ डिपो के सामने बस ठेकेदार पर चाकू से हमला:अवैध वसूली को लेकर हुई कहासुनी, तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

झालावाड़ शहर के रोडवेज बस स्टैंड के गेट के सामने बुधवार को बदमाशों ने एक बस ठेकेदार पर चाकू से हमला कर दिया। यह वारदात अवैध वसूली को लेकर हुई आपसी कहासुनी के बाद सामने आई है। घायल ठेकेदार को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल से मिले पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है। सुभाष कॉलोनी निवासी नरपत सिंह (32) ने अपनी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 8 बजे जब वह अपनी कार से बस स्टैंड आ रहा था, तभी रोडवेज गेट के सामने आकाश और उसके दो अन्य साथी मिले। आरोपियों ने नरपत सिंह को कार से नीचे उतारा और कहा कि यदि उसे ठेके की रोडवेज बसें चलानी हैं, तो हर चक्कर के 200 रुपए देने पड़ेंगे। उन्होंने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए, तो बस स्टैंड के बाहर सवारी नहीं बिठाने दी जाएगी। नरपत सिंह के मना करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने अपने बयान में यह भी कहा है कि लोक परिवहन मालिक रिंकू पारीक ने आरोपी आकाश को अपना एजेंट बना रखा है। इस मामले की जांच बस स्टैंड चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई है। नरपत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रोडवेज में ठेके पर बसें चलाता है। हमले में उसके सीने पर चोट लगी है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *