भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं शुक्ल पक्ष की एकादशी पर शुक्रवार को श्याम मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान व मेले भरेंगे। खेतानों का मोहल्ला स्थित श्री श्याम मंदिर झुंझुनूं धाम में दो दिवसीय फाल्गुनी मेला शुक्रवार को शुरू होगा। मंदिर के लिए शहर में 251 ध्वज की पदयात्रा निकाली जाएगी। श्याम परिवार संस्था के सचिव श्रीकांत गाडिया ने बताया कि शुक्रवार को एकादशी पर बाब श्याम का विशेष शृंगार किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे शिव कॉलोनी स्थित मुकुंद सेवा सदन से ध्वज निशान की पदयात्रा रवाना होगा। जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसके बाद शाम को संध्या आरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें मनोज कुमार ठठेरा, मनीष भाटी, सज्जन दाधीच, रवि तुलस्यान आदि कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शनिवार को फाल्गुन शुक्ल बारस पर बाबा श्याम की विशेष पूजा व मेला भरेगा। शाम को फाल्गुनी कार्यक्रम होगा। जिसमें जोधपुर की कामिनी राठौड़ व अन्य स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।
रंगीलो श्याम फागोत्सव 28 को : राणी सती रोड स्थित श्याम मंदिर में 28 फरवरी को फागोत्सव मनाया जाएगा। श्री श्याम चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर फाल्गुन शुक्ल बारस पर शाम 7 बजे फगोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के विनोद कुमार सिंघानिया ने बताया कि फागोत्सव में फतेहपुर की महादेव ढप मंडली द्वारा पारंपरिक राजस्थानी लोक वाद्य ढप, चंग व बांसुरी पर धमाल व गींदड़ की प्रस्तुति देंगे। आकर्षक झांकियां भी सलाई जाएगी।
श्याम मंदिर के लिए ध्वज पदयात्रा आज : फाल्गुन मेले के उपलक्ष में गुरुवार के श्याम मंदिर झुंझुनूं धाम के लिए ध्वज पदयात्रा निकाली जाएगी। करने वाला श्याम कराने वाला श्याम संस्थान के श्याम सुंदर गोयनका व रमन पंसारी ने बताया कि ओर से दोपहर 2:15 बजे अग्रसेन भवन से 251 ध्वज की पदयात्रा रवाना होगी, जो कारूंडिया रोड, शाहों का कुआं, गांधी चौक, नेहरू बाजार, छावनी बाजार, चूणा चौक, खेतान मोहल्ला होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। जहां श्याम भक्त बाबा श्याम को ध्वज निशान अर्पित करेंगे।


