भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा थाना अरनपुर में केशापारा–पोटाली मार्ग पर सड़क निर्माण हो रहा था। इससे 400–500 मीटर दूर जवानों ने मुरूम गड्ढे के पास दो संदिग्ध युवक को देखा। पुलिस बल देखकर वे जंगल-झाड़ियों में छिपने का प्रयास करते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हुंगा उर्फ गुट्टूम सोड़ी और जोगा कुड़ामी, दोनों निवासी ग्राम पोरदेम, थाना गादीरास, जिला सुकमा बताया। दोनों ने नक्सली संगठन में काम करना स्वीकार किया। हुंगा उर्फ गुट्टूम सोड़ी के कब्जे से 3 किलो वजनी टिफिन बम, 2 डेटोनेटर और बिजली वायर बरामद हुआ, जबकि जोगा कुड़ामी के पास से एक सेल, 5 बम फटाखा और नक्सली पोस्टर मिला। दोनों को एनआईए की विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां दोनों को 5 साल सश्रम कारावास और 5 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।


