जिले के चिकित्सक विहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) पर डॉक्टरों की नियुक्ति की दिशा में प्रशासन ने पहल की है। चिकित्सा विभाग को यूटीबी (अर्जेंट टेम्प्रेरी बेसिस) के तहत 12 पदों पर नियुक्ति की स्वीकृति मिलने के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए गए। इंटरव्यू में 101 डॉक्टर अपने मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित हुए। चयन प्रक्रिया चयन समिति की उपस्थिति में संपन्न हुई। समिति में जिला कलेक्टर के प्रतिनिधि भानु शर्मा (आईएएस प्रशिक्षु), जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह (आईएएस), सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर, आरबीएम अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नगेंद्र सिंह भदौरिया तथा जिला कोषाधिकारी लोकेन्द्र सिंह सदस्य के रूप में शामिल रहे। चयन प्रक्रिया दस्तावेजों के सत्यापन एवं निर्धारित मानदंडों के आधार पर पूरी की गई। जिले में 9 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) और एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पर वर्तमान में एक भी चिकित्सक कार्यरत नहीं है। सेवर ब्लॉक में तुहिया, बांसीकला, फुलवारा, जघीना, बछामदी और सुनारी, भुसावर ब्लॉक में बल्लभगढ़ व निठार तथा नदबई ब्लॉक में बरौलीरान पीएचसी डॉक्टर विहीन हैं। इसके अलावा भुसावर ब्लॉक के पथैना सीएचसी में भी चिकित्सक का पद रिक्त है। यूटीबी के रिक्त पदों पर वॉक-इन इंटरव्यू की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। चयनित अभ्यर्थियों की सूची शीघ्र जारी कर दी जाएगी। जिन पीएचसी और सीएचसी पर वर्तमान में चिकित्सक नहीं हैं, वहां प्राथमिकता से पदस्थापन किया जाए। – डॉ. गौरव कपूर, सीएमएचओ


