भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय आह्वान पर बुधवार को 21 सूत्री मांगों के समर्थन में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया। संघ के जिलाध्यक्ष राजेश किरोड़ीवाल व जिला मंत्री संदीप धाभाई की अगुवाई में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार से श्रमिक हितों की मांगों पर विचार कर फैसला लेने की बात कही। इसमें रोडवेज में वेतन व पेंशन समय पर देने, नई बसों की खरीद करने, विद्युत विभाग में ठेका प्रथा बंद करने, असंगठित श्रमिकों के लिए कल्याण बोर्ड का गठन करने, न्यूनतम मजदूरी केंद्र के समान करने, बैंकिंग में फाइव डे वीक लागू करने, ईपीएस 95 की न्यूनतम पेंशन 8500 करने, ईपीएफ में अनिवार्य अंशदान 30 हजार करने, ईएसआईसी के लिए मासिक वेतन 42 हजार करने, बोनस 21 हजार करने और ठेका श्रमिकों को स्थाई करने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन के बाद कलेक्टर को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान रामगोपाल शर्मा, देवकरण सैनी, दुर्गपाल सिंह, भंवरसिंह शेखावत, मूलचंद महला, कृष्णा कंवर, सुनील शर्मा, रामसिंह, सुभाषचंद्र, प्रमोद गुर्जर आदि शामिल हुए।


