बिसरा | बिसरा के नया बस्ती में रेलवे लाइन के पास बने कई मकान शनिवार को बेदखली अभियान के दौरान तोड़ दिए गए। प्रशासन ने बताया कि रेलवे के विकास और बुनियादी ढांचा विस्तार कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए क्षेत्र खाली कराना जरूरी था। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन के अनुसार कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई, हालांकि माहौल तनावपूर्ण रहा। इधर कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन मकानों को गिराया गया, उनमें से कुछ के पास भूमि पट्टा था। उनका यह भी आरोप है कि बेदखली से पहले प्रभावित परिवारों को न तो मुआवजा दिया गया और न ही किसी तरह की पुनर्वास व्यवस्था की गई। इसी वजह से पुनर्स्थापन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच बेदखली अभियान जारी रहा।


