भास्कर न्यूज | रायगढ़ होली से पहले प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बिलासपुर जिला के बिल्हा विकासखंड के ग्राम रहंगी में आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह और वृहद किसान सम्मेलन में एक सिंगल क्लिक से प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। कृषक उन्नति योजना के तहत रायगढ़ जिले के 72,693 किसानों को 349 करोड़ 59 लाख रुपए मिले। राशि जमा होने के संदेश मोबाइल पर आते ही किसानों में उत्साह का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि यह दिन किसानों के सम्मान का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुसार 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का वादा पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की होली खुशहाल हो, इसलिए त्योहार से पहले ही यह राशि जारी की गई। उन्होंने बताया कि न तो बारदाने की कमी हुई और न भुगतान में देरी। नगर निगम ऑडिटोरियम पंजरी प्लांट में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील है। जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो ने कहा कि किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। गोपाल अग्रवाल ने कहा कि योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता चौहान ने कहा कि सरकार अपने वादे निभा रही है और किसान हित सर्वोपरि है। सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य और समय पर भुगतान से समृद्धि के रास्ते खुले हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के 72,693 किसानों को आदान सहायता राशि दी गई है। कलेक्टर के निर्देश पर सभी विकासखंड मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित हुए। उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने बताया कि धान बोनस की राशि एकमुश्त किसानों के खातों में जमा की गई है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में रामश्याम डनसेना, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पाण्डेय, रत्थू गुप्ता, पावन अग्रवाल, मधु पटेल, अभिजीत बबन पठारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


