भास्कर न्यूज|कोडरमा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से 8 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्याय सदन के सभागार में शनिवार को जिले के विभिन्न बैंकों के अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने की। सचिव गौतम कुमार ने उपस्थित अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन की दिशा में आवश्यक पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर मामलों के निष्पादन से विभाग को राजस्व की वसूली करने में सहायता होती है, वहीं दूसरी ओर न्यायालय से मुकदमों का बोझ कम होता है। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों से अपने स्तर से भी पक्षकारों को सूचित करने तथा उनको अपने मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने के प्रति जागरुक करने की भी अपील की। साथ ही साथ विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से पक्षकारों को नोटिस करें ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके। सचिव गौतम कुमार ने सभी बैंकों के अधिकारियो को ऋण धारकों की सूची उपलब्ध कराने की अपील की ताकि न्यायालय द्वारा भी अपने स्तर से उन्हें अपने मामले के निष्पादन के लिए सूचित किया जा सके। मौके पर न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह, एलडीएम निवास कुमार, कोडरमा बाज़ार के सतीश प्रियदर्शी, झारखण्ड राज्य ग्रामीण बैंक के शंकर कुमार प्रसाद, एसबीआई बांझेडीह राकेश रौशन, बैंक ऑफ़ इंडिया पत्थलडीहा विकाश कुमार, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र के मनीष कुमार पाण्डेय , केनरा बैंक झुमरी तिलैया के राहुल कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के अर्जुन रविदास, बैंक ऑफ़ बड़ौदा के सागर कुमार, बैंक ऑफ़ बड़ौदा कोडरमा के रंजित कुमार रजक, इंडियन ओवरसीज बैंक के सवम्य ए कुजूर, यूको बैंक के प्रशांत कुमार, इंडियन बैंक झुमरी तिलैया के धीरेन्द्र कुमार ठाकुर, संतोष कुमार एवं अन्य बैंक के अधिकारी उपस्थित थे।


