भास्कर न्यूज | अमृतसर मजीठा रोड ग्रीन फील्ड स्थित श्री मुक्तिनारायण धाम वेंकटेश मंदिर तिरुपति बालाजी में भगवान वेंकटेश जी का 16वां ब्रह्मोत्सव चल रहा है। जिसमें सुबह 9 से 12 बजे तक दक्षिण भारत से आए पंडितों ने मिलकर हवन यज्ञ किया। नवग्रह पूजा के बाद सभी देवी-देवताओं का अवाहन किया। वहीं भूदेवी श्री देवी सहित भगवान वेंकटेश जी का आवाहन करके रविवार को निकाली जाने वाली शोभायात्रा में आने का निमंत्रण दिया। सुबह से लेकर दोपहर तक चले यज्ञ के बाद शाम 4 से 7 बजे तक पंडितों ने भगवान की आराधना की। सभी भक्तों ने मिलकर भगवान की आरती उतारी। मंदिर ट्रस्टी, प्रधान चरणजीत अग्निहोत्री की अध्यक्षता में चल रहे महोत्सव में कई भक्तजन पहुंचे। प्रधान अग्निहोत्री ने कहा कि 2 मार्च को सुबह 10 बजे मंदिर से भगवान की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भगवान बालाजी वेंकटेश, श्री देवी व भूदेवी संग सुंदर फूलों से सजे रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। नगर के गणमान्य नागरिक, राजनेता, सामाजिक कार्यकर्त्ता, व्यापारी वर्ग, धार्मिक संस्थान ठाकुर जी के रथ को अपने हाथों से खींचकर लोगों के दर्शन करवाएंगे। मंदिर ट्रस्टी, प्रवक्ता कृष्णदेव अग्निहोत्री ने कहा कि यह शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर करीब 3 बजे वापिस मंदिर में पधारेगी। वहीं फिर शाम 7 बजे एक छोटी रथ यात्रा सिर्फ ग्रीन फील्ड के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली जाएगी। भक्तों द्वारा रास्ते भर भगवान का स्वागत फूलों की वर्षा करके किया जाएगा। वहीं मंदिर की महिलाएं अपने सिरों पर सुंदर कलश सजाकर शोभायात्रा में शामिल होंगी। जबकि 3 मार्च को भगवान का कल्याणोत्सव (शुभ विवाह)लक्ष्मी जी के साथ शाम चार बजे मंदिर परिसर में किया जाएगा। 4 मार्च को भगवान का महाभिषेक और 5 मार्च को देवी का महाभिषेक, 6 मार्च को भंडारा होगा। इस मौके पर मंदिर के सभी ट्रस्टी मौजूद रहे।


