भास्कर न्यूज | अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने 6 पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस सहित गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के एक गुर्गे को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान तरनतारन के गांव वड़िंग के रहने वाले गुरबाज सिंह के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि आरोपी गुरबाज सिंह यह हथियार अपराधिक गतिविधियों के लिए मध्यप्रदेश से पंजाब में तस्करी करके लेकर आया था। जानकारी के मुताबिक यह हथियार गैंगवार, कॉन्ट्रैक्ट किलिंग में इस्तेमाल होने था। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, लूटपाट, एनडीपीएस और असलहा एक्ट के पहले से 8 पर्चे दर्ज हैं। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि सीआई टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का गैंग सक्रिय है। आरोपी गुरबाज सिंह हथियार की सप्लाई करने के लिए अमृतसर-तरनतारन बाईपास हाइवे पर एक चर्च के पास खड़ा है। सीआई की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को काबू करके 6 पिस्तौल बरामद किए । आरोपी गुरबाज सिंह गैंगस्टर जग्गू का साथी है और यह हथियार सरहदी गांवों में गैंगवार कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले थे। इस मामले में मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। उक्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रहे हैं जिसे जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। आरोपी गुरबाज सीधे जग्गू भगवानपुरिया के संपर्क में था। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एसएसओसी थाना में केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है।


