मरवाही ब्लॉक के ग्राम धरहर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अनियमितता सामने आई है। वार्ड नंबर 5 में कुल मतदाताओं से अधिक वोट डाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। 23 फरवरी को हुए मतदान में वार्ड नंबर 5 से दो प्रत्याशी – गेंदी प्रजापति और शांति बाई सोनवानी चुनाव मैदान में थे। इस वार्ड में कुल 59 मतदाता हैं, लेकिन मतदान के बाद 63 वोट डाले जाने की बात सामने आई है। उम्मीदवारों ने मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची पर चुनाव में धांधली कराने का आरोप लगाया है। यह गांव विधायक मरपच्ची का गृह ग्राम है, जहां वे पहले सरपंच भी रह चुके हैं। उम्मीदवारों ने फिर से मतदान की मांग की शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विधायक के दबाव के कारण उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि, इस मामले में पीठासीन अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। नाराज उम्मीदवारों ने फिर से मतदान कराए जाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है। अगर उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं।


