नागौर के नगर सेठ बंशीवाला मंदिर में किन्नरों के फागोत्सव में जमकर धमाल हुआ। पूरे नागौर से लोग किन्नर समाज के फागोत्सव में पहुंचे। बंशीवाले की मूर्ति को गुलाल लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। किन्नर रेखा बाई की अगुवाई में खुशी बाई, सायबा बाई, खुशी बाई और पिंकी बाई समेत किन्नर समाज के लोगों ने नागौरवासियाें का स्वागत किया। किन्नर समाज की ओर से आयोजित तीसरे फागोत्सव कार्यक्रम में लोग छोटे-छोटे बच्चों को कान्हा के रूप में सजाकर बंशीवाला मंदिर पहुंचे। किन्नर समाज की हरकी बाई ने कहा- पूरे नागौरवासियों के सहयोग से समाज में खुशी, सुख-समृद्धि और धन-धान्य में वृद्धि की कामना के साथ तीसरे फागोत्सव का आयोजन किया गया है। किन्नरों ने बंशीवाला की पूजा के साथ फागोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान पूरा बंशीवाला मंदिर परिसर नागौरवासियों से भरा नजर आया। किन्नर समाज के साथ ही अन्य लोगों ने भी जमकर अबीर-गुलाल और फूलों की होली खेली। फागोत्सव के दौरान भजन संध्या में गायक मुकेश राजपुरोहित ने कृष्ण भगवान के भजन और धमाल प्रस्तुत किए। राधा-कृष्ण की सजीव झांकियाें के साथ नागौरवासी भी जमकर नाचे। पुजारी महेश पाराशर ने बताया कि कार्यक्रम में आसपास के लोग काफी संख्या में शामिल हुए। किन्नरों की ओर से यह तीसरा आयोजन था।


