डीग जिले के सीकरी थाना इलाके में एक ट्रेलर दीवार तोड़कर एक मकान के अंदर घुस गया। दीवार के मलबे में दबने से एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। मकान मालिक काला सिंह निवासी गुलपाड़ा ने बताया- वह बीती रात अपनी बेटी रोशनी, पत्नी बलविंदर सिंह के साथ घर के कमरे में सो रहा था। रात 11 बजे अचानक घर की दीवार में एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर मकान की दीवार तोड़ते हुए कमरे में घुस आया। मकान की दीवार तीनों के ऊपर आकर गिर गई। जिसके मलबे में तीनों लोग दब गए। ट्रेलर के टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने तीनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां तीनों का इलाज जारी है। ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया है। मकान की पट्टियां ट्रेलर के ऊपर टिकी हुई हैं। गुलपाड़ा चौकी के हेड कॉन्स्टेबल योगेश कुमार ने बताया कि घटना देर रात 11 बजे की है। गुलपाड़ा से चोरगढ़ी की तरफ एक ट्रेलर जा रहा था। ट्रेलर के ड्राइवर ने शराब पी हुई थी। गुलपाड़ा कस्बे के अंदर जाने के बाद ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और वह काला सिंह के मकान की दीवार तोड़ता हुआ कमरे में घुस गया। घटना में काला सिंह, उसकी पत्नी और बेटी घायल हुए हैं। ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया है। इनपुट- उमेश बंसल, सीकरी, डीग


