मान भत्ता वर्कर्स सांझा मोर्चा पंजाब के आह्वान पर अमृतसर और तरनतारन से पहुंचीं सैकड़ों आशा वर्करों, फैसिलिटेटरों और मिड-डे मील वर्करों ने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के निवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भगवंत मान सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों से मुकरने का आरोप लगाया। डेमोक्रेटिक आशा वर्कर्स एंड फैसिलिटेटर यूनियन की नेता परमजीत कौर मान और मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन की नेता ममता शर्मा की अगुवाई में आयोजित इस रोष रैली को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पूर्व मान भत्ता वर्करों के मानदेय को दोगुना करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद चार वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार ने न तो मानदेय में कोई बढ़ोतरी की और न ही लंबित मांगों पर ठोस कदम उठाए। सरबजीत कौर छज्जलवड्डी, हरजिंदर कौर गहरी, रजिंदर कौर तरनतारन और राज कौर ने कहा कि वर्तमान में दिए जा रहे नगण्य मानदेय से परिवार चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि वर्करों की आय में कोई इजाफा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मान भत्ता वर्करों को न्यूनतम वेतन के अनुरूप वेतन देने से भी पीछे हट रही है। इस मौके पर डेमोक्रेटिक मुलाजिम फेडरेशन के नेताओं जरमनजीत सिंह, अश्वनी अवस्थी, कंवरदीप सिंह तरनतारन, सुखराज सिंह सरकारिया और अमरजीत सिंह भल्ला ने कहा कि आशा और मिड-डे मील वर्करों को सेवानिवृत्ति के समय किसी प्रकार की वित्तीय सुरक्षा नहीं दी जा रही। न तो उन्हें कर्मचारी का दर्जा प्राप्त है और न ही अन्य सरकारी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते पंजाब भर की मान भत्ता वर्करों में भारी रोष है। नेताओं ने बताया कि इसी कड़ी में पंजाब के छह कैबिनेट मंत्रियों के घरों का घेराव किया जा रहा है, ताकि 6 मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र में सरकार को मान भत्ता दोगुना करने के लिए मजबूर किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बजट में मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बजट सत्र में मान भत्ता वर्करों के भत्तों को तुरंत दोगुना करने की घोषणा की जाए और पिछले चार वर्षों का बकाया जारी किया जाए। इसके अलावा सभी मान भत्ता वर्करों का 5 लाख रुपए का मुफ्त बीमा किया जाए तथा सेवा निवृत्ति पर आशा और मिड-डे मील वर्करों को 5 लाख रुपए ग्रेच्युटी और प्रतिमाह 10 हजार रुपए पेंशन दी जाए। रैली में रणजीत दुलारी, हरजिंदर कौर, जसविंदर कौर महिता, मनजीत कौर ढप्पैयां, परमजीत कौर वैरोवाल, गुरवंत कौर लोपोके, हरजीत कौर चोहला, खुशबू गोपाल नगर, सुखविंदर कौर सुरसिंह, बलजिंदर कौर वेरका, कंवलजीत कौर लशकरी नंगल, वीरपाल कौर, कुलबीर कौर रमदास, राज कौर नवां पिंड, सुखजिंदर कौर छज्जलवड्डी और परमजीत कौर लहरका सहित बड़ी संख्या में वर्कर उपस्थित रहीं।


