श्री सनातन धर्म गीता भवन मंदिर में रविवार को मासिक राशन वितरण कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस परोपकारी कार्य के दौरान कुल 131 जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित किया गया। अध्यक्षता मंदिर कमेटी के प्रधान सुरेंद्र कुमार आहूजा ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्वर्गीय देशराज धूड़िया का परिवार उपस्थित रहा, जिन्होंने उनकी पुण्य स्मृति में राशन वितरण सेवा में विशेष सहयोग दिया। मंदिर कमेटी द्वारा मुख्य अतिथि परिवार का हार्दिक अभिनंदन किया गया और उन्हें भगवान जी का श्री विग्रह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष अश्विनी कुमार कुक्कड़ ने बताया कि धूड़िया परिवार लंबे समय से तन-मन-धन से मंदिर की सेवाओं में अपना योगदान दे रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ ठाकुर जी की पूजा-अर्चना और मुख्य अतिथियों द्वारा की गई आरती के साथ हुआ। मंदिर कमेटी ने धूड़िया परिवार के सेवा भाव और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस दौरान मुख्य अतिथि ने मंदिर कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी मंदिर के हर सेवा कार्य के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस मौके पर सतीश धूड़िया, अशोक सुखीजा, रमन पाहवा, प्रवेश वडेरा, नरेंद्र सचदेवा, संजीव धूड़िया, राजेश धूड़िया, सुरेंद्र छाबड़ा, धर्मपाल छाबड़ा, डॉ. धर्मपाल, हरीश मुंजाल, हरिओम कुक्कड़, भारत भूषण मेहंदीरत्ता और विजय वडेरा मौजूद थे।


