कांग्रेस के 16 पार्षदों को कलेक्टर ने दिलाई शपथ:कलेक्टोरेट में सोमवार को दिलाई गई शपथ, समारोह का किया था बहिष्कार

अंबिकापुर नगर निगम के कांग्रेस के 16 पार्षदों को सोमवार को कलेक्टर विलास भोस्कर ने कलेक्टोरेट भवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कांग्रेस एवं कांग्रेस से जुड़े पार्षदों ने महापौर मंजूषा भगत के बयान का विरोध करते हुए रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया था। नगर निगम का प्रथम सम्मिलन मंगलवार 11 बजे से आयोजित होगा। नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस के 15 एवं एक निर्दलीय पार्षद ने रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह की मौजूदगी में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लिया था। कांग्रेस ने कलेक्टर सरगुजा से कांग्रेस से जुड़े पार्षदों का शपथ ग्रहण सोमवार को कराने का अनुरोध किया था। कलेक्टर विलास भोस्कर ने कलेक्टोरेट में सोमवार को कांग्रेस के 15 व एक निर्दलीय पार्षद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सकारात्मक रहेगी विपक्ष की भूमिका
शपथ ग्रहण के बाद कांग्रेस पार्षद दल के नेता शफी अहमद ने कहा नगर निगम में कांग्रेस की भूमिका सकारात्मक विपक्ष की होगी। शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण सकारात्मक सुझाव देंगे। हमारी कोशिश होगी की शहर की व्यवस्था और बेहतर हो सके।
शफी अहमद ने कहा कि अंबिकापुर नगर निगम में 10 वर्ष तक सत्तासीन रही कांग्रेस के कार्यकाल में अंबिकापुर को देशभर में स्वच्छता के क्षेत्र में पहचान मिली। उस मुकाम को फिर से अंबिकापुर हासिल करे, यह सुझाव होगा। मंजूषा के बयान के कारण नहीं ली शपथ
शफी अहमद ने कहा कि महापौर मंजूषा भगत ने जो बयान दिया था, उसे लेकर कांग्रेस ने माफी मांगने की मांग रखी थी। उन्होंने अपने बयान को लेकर खेद भी व्यक्त नहीं किया। इस कारण कांग्रेस पार्षदों ने निर्णय लिया था कि हम समारोह में शपथ ग्रहण नहीं करेंगे। आज कांग्रेस के 16 पार्षदों ने अलग से शपथ ली है। सभापति के चुनाव को लेकर स्थिति अस्पष्ट
निगम के चुनाव में भाजपा को 31 वार्ड में जीत मिली है। यह आंकड़ा बहुमत से कहीं अधिक है। इसके साथ ही भाजपा से बागी होकर चुनाव जीतने वाले शैलेश सिंह भी पूर्व में भाजपा के पार्षद रहे हैं एवं चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा के साथ हैं। ऐसे में भाजपा का सभापति बनना तय है। कांग्रेस के पास केवल 16 पार्षद हैं। ऐसे में सभापति पद को लेकर कांग्रेस की क्या भूमिका होगी, अभी तय नहीं हो सका है। शफी अहमद ने कहा कि इसपर कल तक निर्णय लिया जाएगा कि कांग्रेस सभापति के लिए प्रत्याशी खड़ा करेगी या नहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *