लुधियाना| बीआरएस नगर में एक वकील के पूरे परिवार को घर में स्प्रे से बेहोश करके दो शातिर चोरों ने लाखों के गहने चुरा लिए। वारदात 25 फरवरी की रात 3:30 बजे बीआरएस नगर में हुई है। पीड़ित वकील राजन मंडल ने बताया कि तड़के जब उनकी नींद खुली तो कमरे की हालत देखकर वह हैरान रह गए, बेडरूम की अलमारियां खुली पड़ी थीं और जांच करने पर पता चला कि अलमारी से करीब एक लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के गहनों सहित चांदी के सिक्के चोरी हो चुके हैं। फिर जब पूरे घर की जांच की तो पाया कि आरोपी खिड़की को तोड़कर घर में दाखिल हुए। उन्हें आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले कोई नशीला स्प्रे किया, क्योंकि जागने के बाद पूरे परिवार को सिर भारी लग रहा था और चक्कर भी आ रहे थे। फिर मौके पर थाना सराभा नगर की पुलिस को जानकारी देकर बुलाया गया। जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो चोर घर में दाखिल होते और कुछ ही समय में चोरी कर फरार होते नजर आए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अज्ञात पर केस दर्ज किया है।


